कटिहार, (ईएमएस)। कटिहार पुलिस ने युवक को गोली मारने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और एक खोखा भी बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी टीम (एसआईटी) द्वारा की गई। जानकारी के अनुसार 24 मई को पीड़ित के पिता मोहम्मद नासिर (उम्र लगभग 55 वर्ष), निवासी संतलपुर, थाना कोढ़ा (कोलासी कैंप), जिला कटिहार ने थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि 23 मई की रात उनका 21 वर्षीय पुत्र तारिक अपने दोस्तों के साथ घर के बाहर घूम रहा था। इसी दौरान रात करीब 11 बजे वह घायल अवस्था में घर पहुंचा और बताया कि उस पर गोली चलाई गई है। घायल युवक ने आरोप लगाया कि असफाक, सरफराज, इकबाल, शहनवाज और आशिक ने मिलकर उसके सिर पर गोली मारी। घटना के बाद परिजनों ने युवक को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया। मामले में कोढ़ा थाना (कोलासी कैंप) में कांड संख्या 164/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम बनाई गई। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है: असफाक (22 वर्ष)– पिता: नासिर अली सरफराज (19 वर्ष)– पिता: माजिद अली इकबाल (19 वर्ष)– पिता: अल्ताफ शहनवाज (19 वर्ष)– पिता: साकिब आशिक (23 वर्ष)– पिता: नुतफुर रहमान सभी आरोपी संतलपुर, थाना कोढ़ा (कोलासी कैंप), जिला कटिहार के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 देसी कट्टा एवं एक खोखा बरामद किया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। संतोष झा- २५ मई/२०२६/ईएमएस