-मौलाना रशीदी ने सीएम योगी का किया समर्थन, मुस्लिमों को पिटवाना चाहती हैं पार्टियां नई दिल्ली,(ईएमएस)। ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन (एआईआईए) के प्रमुख मौलाना साजिद रशीदी ने सड़क पर नमाज को लेकर शिफ्ट में नमाज को जायज ठहराते हुए कहा कि सड़क नापाक होती है और इसलिए वहां मुसलमानों के इबादत नहीं करनी चाहिए। रशीदी ने कहा कि सड़क पर जानवर भी चलते हैं और लोग थूकते, पेशाब भी करते हैं। उन्होंने मुसलमानों को उकसाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ पार्टियां उन्हें पिटवाना चाहती हैं। एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में मौलाना रशीदी ने सड़क पर नमाज ना पढ़ने का सीएम योगी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सीएम का बयान बिलकुल सही है। हमने कोरोना काल में भी नमाजे शिफ्ट में पढ़ी हैं। उन्हें पता है कि शिफ्ट में नमाज हो सकती है, इसलिए उन्होंने ऐसा बयान दिया है। पूरे देश और प्रदेश में किसी मौलवी ने उनका खंडन नहीं किया। कोई खंडन कर रहा है तो वह कांग्रेस-सपा के लोग या उनसे जुड़े नेता हैं। उनको पता नहीं दीन के बारे में कि नमाज शिफ्ट में भी पढ़ी जा सकती है। मौलाना रशीदी ने इस्लाम के दो सिद्धांतों का जिक्र करते हुए बताया कि क्यों सड़क पर नमाज पढ़ना जायज नहीं है। उन्होंने कहा कि इस्लाम का बुनियादी सिद्धांत है कि नमाज नापाक जगह पर नहीं पढ़ी जा सकती है। सड़क पाक नहीं हो सकती है, कैसे पाक होगी जब उस पर लोग, जानवर चलते हैं, थूकते हैं और पेशाब भी करते हैं। सबकुछ होता है तो कैसे नमाज हो सकती है। दूसरा सिद्धांत यह है कि वह मुसलमान नहीं हो सकता है जिससे किसी दूसरे को तकलीफ पहुंचे। अगर आप सड़क जाम करते हैं तो लोगों तकलीफ भी हो सकती है। मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि कुछ समय पहले तक कुछ मुसलमान अपराधों में लिप्त थे, लेकिन बीजेपी सरकार आने के बाद अब वे शिक्षा की राह पर चल रहे हैं। रशीदी ने कहा कि पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने जो फ्री हैंड दिया था मुसलमानों को उससे कई कमियां आ गईं। उससे मुसलमानों का भला नहीं हुआ, शिक्षा से दूर हो गए। कई बुराइयां उनमें आ गईं। आज मुसलमान 15-20 साल से और जब से बीजेपी सरकार आई है मुसलमानों ने बच्चों को पढ़ाना शुरू कर दिया है। चाहे गरीब मजदूर है वह भी पढ़ा रहा है। रशीदी ने कहा कि बुलडोजर ऐक्शन को लेकर कहा कि यह उन लोगों के खिलाफ रहा है जो गलत काम में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि अक्लमंदी इसी में है कि हवा के खिलाफ मत चलो। सपा से जुड़े एक सवाल पर रशीदी ने कहा कि हमें नहीं चाहिए ऐसी पार्टी जिसका मकसद यह हो कि मुसलमान नमाज के लिए सड़क पर उतरे, उनकी पिटाई हो, मुकदमे लगे, जेल जाएं और उनके घर टूटे। क्या अखिलेश यादव बनवा देंगे घर किसी का। आजम खान को तो बचा नहीं पाए। सिराज/ईएमएस 25मई26