मुम्बई (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19 सत्र के लीग स्तर के मुकाबले समाप्त हो गये हैं। इसके बाद जहां शीग्ष चार टीमें प्लेऑफ में पहुंच गयी हैं। वहीं अन्य टीमें बाहर हो गयी है। इन बाहर होने वाली टीमों में पांच टीमें ऐसी हैं जिनके कप्तानों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है और माना जा रहा है कि अगले सत्र में उन्हें टीम की कप्तानी नहीं मिलेगी। ये टीमें हैं दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ सुपर जाएंट्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस। इन टीमों के साथ ही इनके कप्तानों का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी अच्छा नही रहा है। ऐसे में ये कप्तान टीम मालिकों के निशाने पर हैं। इससे साफ है कि अगले सत्र में ये टीमें नये कप्तानों के साथ नजर आयेंगी। अक्षर पटेल: अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स को प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। है। ऐसे में टीम को एक ऐसे कप्तान की जरुरत है जो आगे बढ़कर टीम का नेतृत्व करें। अक्षर में वह क्षमता नजर नहीं आती। टीम को एक ऐसे कप्तान की आवश्यकता है जो दबाव में भी शांत रहे और सही फैसले ले सके। बतौर कप्तान उनके निजी प्रदर्शन में भी गिरावट आई है। टीम अगले सत्र मे राहुल जैसे खिलाड़ी को कप्तानी दे सकती है। रुतुराज गायकवाड़: चेन्नई सुपर किंग्स भी पिछले तीन सीजन से प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही है, और आईपीएल 2026 भी इसका अपवाद नहीं था। रुतुराज गायकवाड़ के नेतृत्व में टीम ने औसत प्रदर्शन किया। शुरुआती झटकों के बाद टीम ने वापसी तो की, लेकिन अंततः प्लेऑफ का टिकट नहीं मिला। पूरे सीजन कप्तानी के दबाव का असर गायकवाड़ की बल्लेबाजी पर स्पष्ट रूप से दिखा, जहाँ उनका स्ट्राइक रेट 125 से भी कम रहा। टीम के पास संजू सैमसन जैसा अनुभवी कप्तान विकल्प मौजूद है, जो आईपीएल में पहले भी कप्तानी कर चुके हैं। ऐसें में अगले सत्र में वह कप्तान हो सकते हैं। ऋषभ पंत: लखनऊ सुपरजायंटस के कप्तान ऋषभ पंत, जिन्हें 27 करोड़ रुपये में टीम ने बरकरार रखा था, उनकी कप्तानी भी सवालों के घेरे में है। पिछले दो सीजन में सुपरजायंटस का खेल कुछ ऐसा रहा है कि वे अक्सर टूर्नामेंट की शुरुआत खराब करते हैं, लेकिन जब प्लेऑफ से बाहर होने की कगार पर होते हैं तो खिलाड़ी फॉर्म में लौट आते हैं और कुछ मैच जीतते भी हैं। हालांकि, ऋषभ का निजी प्रदर्शन उनके स्तर के हिसाब से काफी खराब रहा है। सुपरजायंटसउन्हें एक खिलाड़ी के तौर पर रिटेन तो कर सकती है, लेकिन टीम को नए कप्तान की तलाश करनी होगी। टीम में मिचेल मार्श और एडन मारक्रम जैसे अनुभवी अंतरराष्ट्रीय कप्तान विकल्प मौजूद हैं जिन्हें जिम्मेदारी मिल सकती है। अजिंक्य रहाणे: इस सत्र में भी कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। पिछले सत्र में भी रहाणे की कप्तानी में टीम असफल रही थी। केकेआर को एक आक्रामक कप्तान की तलाश है, जो नई सोच और ऊर्जा के साथ टीम को आगे ले जा सके और उसे जीत के रास्ते पर वापस ला सके। हार्दिक पांड्या: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या के लिए आईपीएल 2026 निराशाजनक रहा। गुजरात टाइटंस को एक ट्रॉफी जिताने और दो बार फाइनल तक पहुंचाने वाले हार्दिक की मुंबई इंडियंस में वापसी के बाद से उनका प्रदर्शन फीका पड़ा है। मुंबई की कप्तानी करते हुए उन्होंने कुल तीन सीजन में केवल एक बार ही टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाया है, जबकि दो बार टीम निचले पायदान पर रही। आईपीएल 2026 में गेंद और बल्ले दोनों से उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा, कप्तानी का दबाव उनके खेल पर साफ दिखा। मुंबई अगले सत्र में उनकी जगह किसी और को कप्तान बना सकती है। गिरजा/ईएमएस 26मई 2026