- बरहमपुर में पुलिस का ऑपरेशन क्लीन - डीजीपी की चेतावनी के बाद पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन भुवनेश्वर (ईएमएस)। ओडिशा के बरहमपुर में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं और अपराधियों की बढ़ती गतिविधियों के बीच पुलिस ने पिछले नौ दिनों में पांच कुख्यात अपराधियों के खिलाफ मुठभेड़ की कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश दिया है। पुलिस की कार्रवाई की शुरुआत 16 मई को हुई, जब कीर्तिपुर इलाके में कुख्यात अपराधी दिपुना नायक को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार किया गया। दिपुना के खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं। इसके बाद 20 मई को गिरी रोड पर उमेश रथ पर हुए हमले के आरोपी मुकेश साहू को गोलंथरा थाना क्षेत्र की टामणा घाटी में पुलिस ने घेर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने की कोशिश के दौरान हुई जवाबी कार्रवाई में मुकेश घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार तड़के पुलिस ने अंबिका नगर में जानलेवा हमले के आरोपी जगा साहू को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। जगा और उसके साथियों पर मंगला बेहरा नामक युवक पर बेरहमी से हमला करने का आरोप है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुंच गई। इसी दिन पुलिस ने प्लॉट कारोबारी सुधीर पात्र हत्याकांड से जुड़े दो अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की। एक ही दिन में तीन अपराधियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई से अपराध जगत में खलबली मच गई है। उधर, ओडिशा पुलिस के महानिदेशक पहले ही अपराधियों को कड़ी चेतावनी दे चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि यदि अपराधी अपनी गतिविधियों से बाज नहीं आए तो बरहमपुर मॉडल की कार्रवाई पूरे राज्य में लागू की जाएगी। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद जहां आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, वहीं अपराधियों में भी कानून का खौफ साफ नजर आने लगा है। रामयश/ईएमएस 26 मई 2026