- गिरफ्तार बदमाशों को इलाके में घुमाया - पुलिस का संदेश-अपराध बर्दाश्त नहीं कोलकाता (ईएमएस)। हावड़ा जिले में संगठित अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। हाल के दिनों में दो अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार आरोपितों को घटनास्थल और आसपास के इलाकों में ले जाकर पुलिस द्वारा सार्वजनिक रूप से पेश किए जाने की घटनाएं चर्चा का विषय बनी हुई हैं। जानकारी के अनुसार, चौड़ा बस्ती में बमबाजी और गोलीबारी के मामले में वांछित आरोपी शमीम अहमद उर्फ ‘बड़े’ को मुंबई से गिरफ्तार कर हावड़ा लाया गया। इसके बाद पुलिस उसे शिवपुर थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लेकर गई। पुलिस का उद्देश्य स्थानीय लोगों को यह संदेश देना था कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और कानून से बचना आसान नहीं है। इसी तरह, सांकराइल क्षेत्र में कथित रूप से वसूली और दबदबा कायम करने के आरोप में गिरफ्तार शाहीन मोल्ला को भी पुलिस ने इलाके में ले जाकर घटनास्थलों की पहचान कराई। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का मकसद कानून का भय कायम करना और आम नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। अधिकारियों के अनुसार, राज्य में अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी है और भविष्य में भी ऐसे अभियान चलते रहेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले भी एक अन्य आरोपी आकाश सिंह के खिलाफ कार्रवाई के दौरान उसे इलाके में ले जाने की घटना सुर्खियों में रही थी। पुलिस का दावा है कि लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से आपराधिक तत्वों में कानून का डर बढ़ा है और स्थानीय लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है। रामयश/ईएमएस 26 मई 2026