30 दिनों के लिए सुनारिया जेल से आया बाहर चंडीगढ़(ईएमएस)। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को हरियाणा सरकार से एक बार फिर बड़ी राहत मिली है। सरकार ने राम रहीम की 30 दिनों की पैरोल मंजूर कर दी है। पैरोल से जुड़ी तमाम कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आज सुबह ठीक 6:30 बजे राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आ गया।जेल से बाहर निकलते ही सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए राम रहीम को पंजाब और हरियाणा पुलिस के भारी सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। कड़े पुलिस सुरक्षा काफिले के साथ उसे सीधे सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय के लिए रवाना किया गया है। राम रहीम को अब तक कुल 16 बार पैरोल या फरलो मिल चुकी है। इससे पहले, इसी साल 5 जनवरी 2026 को भी उसे 40 दिनों की पैरोल मिली थी, जिसके दौरान वह सिरसा आश्रम में ही रहा था और अवधि पूरी होने पर वापस जेल लौट गया था। गुरमीत राम रहीम सिंह साल 2017 से रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। उसे दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में कोर्ट द्वारा 10-10 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके अतिरिक्त, पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या मामले में भी उसे उम्रकैद की सजा मिली हुई है। राम रहीम को बार-बार मिलने वाली इस राहत को लेकर विपक्ष और कई सामाजिक संगठन लगातार हरियाणा सरकार पर सवाल उठाते रहे हैं और उन पर मेहरबानी करने के आरोप लगाते रहे हैं।चूंकि पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत कई राज्यों में डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों और फॉलोवर्स की संख्या बहुत बड़ी है, इसलिए उसकी पैरोल के दौरान पुलिस और प्रशासन बेहद सतर्कता बरत रहे हैं। साल 2020 से लेकर जनवरी 2026 तक राम रहीम कई बार जेल से बाहर आ चुका है। कब-कब मिली पैरोल या फरलो अक्टूबर 2020 : 1 दिन की पैरोल मई 2021 : 1 दिन की पैरोल फरवरी 2022 : 21 दिन की फरलो जून 2022 : 30 दिन की पैरोल अक्टूबर 2022 : 40 दिन की पैरोल जनवरी 2023 : 40 दिन की पैरोल जुलाई 2023 : 30 दिन की पैरोल नवंबर 2023 : 21 दिन की फरलो जनवरी 2024 : 50 दिन की पैरोल अगस्त 2024 : 21 दिन की फरलो अक्टूबर 2024 : 20 दिन की पैरोल जनवरी 2025 : 30 दिन की पैरोल अप्रैल 2025 : 21 दिन की फरलो अगस्त 2025 : 40 दिन की पैरोल जनवरी 2026 : 40 दिन की पैरोल मई 2026 : 30 दिन की पैरोल वीरेंद्र/ईएमएस/26मई 2026