राज्य
26-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच बिजली की मांग ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 25 मई 2026 को राजधानी की पीक पावर डिमांड 8,439 मेगावाट पहुंच गई, जो इस साल का अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच बिजली की खपत लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। तापमान बढ़ने के साथ एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य बिजली उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल के कारण 25 मई 2026 को दिल्ली की पीक पावर डिमांड 8,439 मेगावाट तक पहुंच गई, जो इस साल अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। यह मई महीने के शुरुआती 25 दिनों में दर्ज की गई अब तक की सबसे अधिक बिजली मांग भी है। दिल्ली में बिजली की मांग लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई है। पिछले छह दिनों के दौरान चौथी बार बिजली की मांग 8,000 मेगावाट के आंकड़े को पार कर गई। इससे पहले 21 मई को 8,231 मेगावाट और 20 मई को 8,039 मेगावाट की मांग दर्ज की गई थी। खास बात यह है कि मई 2025 में दिल्ली की बिजली मांग एक बार भी 8,000 मेगावाट के पार नहीं पहुंची थी आंकड़ों के अनुसार, 1 मई से 25 मई 2026 के बीच बिजली की मांग 2025 की समान अवधि के मुकाबले 25 में से 20 दिनों में अधिक रही। वहीं 2024 की तुलना में 25 में से 18 दिनों में ज्यादा बिजली खपत दर्ज की गई। इससे साफ है कि इस बार गर्मी सामान्य से अधिक तेज और समय से पहले प्रभावी हुई है। मई 2024 में दिल्ली की अधिकतम बिजली मांग 8,302 मेगावाट दर्ज की गई थी, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा 8,439 मेगावाट तक पहुंच चुका है। बिजली वितरण कंपनी बीएसईएस का कहना है कि उसकी दोनों डिस्कॉम कंपनियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बिजली की बढ़ी हुई मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया। बीआरपीएल ने 3,745 मेगावाट और बीवाईपीएल ने 1,820 मेगावाट की पीक मांग को पूरा किया। कंपनी के अनुसार, सभी इलाकों में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी रही और कहीं भी बड़े स्तर पर बाधा नहीं आई। ऊर्जा विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के साथ दिल्ली की बिजली मांग 9,000 मेगावाट के पार जा सकती है। गौरतलब है कि वर्ष 2025 में दिल्ली की ऑल टाइम हाई बिजली मांग 8,656 मेगावाट दर्ज की गई थी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/26/मई /2026