-ट्विशा के बदले हुए व्यवहार और उसके ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़े होने को वजह बताया भोपाल,(ईएमएस)। राजधानी में मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामला अब सीबीआई ने संभाल लिया है। सोमवार को सीबीआई ने भोपाल पुलिस से केस डायरी और तमाम दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर नए सिरे से एफआईआर दर्ज की है। इस घटनाक्रम के बीच, भोपाल की कटारा हिल्स पुलिस की 7 दिन की रिमांड ट्विशा के पति समर्थ सिंह से पूछताछ की जिसमें कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक समर्थ पूछताछ में ज्यादातर वही जवाब दे रहा है, जो शुरुआत से उसकी मां गिरीबाला सिंह कहती आई हैं। उसने पूरी घटना के पीछे ट्विशा के बदले हुए व्यवहार और उनके ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़े होने को वजह बताया है। समर्थ ने बताया कि शादी के बाद शुरुआती दिनों में उसके और ट्विशा के बीच रिश्ते पूरी तरह सामान्य थे। विवाद की शुरुआत 17 अप्रैल से हुई, जब ट्विशा को पता चला कि वह प्रेग्नेंट है। इसके बाद उसका व्यवहार अचानक बदल गया। समर्थ ने पुलिस के सामने दावा किया कि ट्विशा अक्सर मॉडलिंग और एक्टिंग से जुड़े होने की दुहाई देती थी। वह कहती थी कि वह एक साधारण घरेलू महिला वाली जिंदगी नहीं जी सकती और यह उसके लिए मुश्किल है। समर्थ के मुताबिक इसी बात को लेकर अक्सर कहासुनी होती थी। पूछताछ में समर्थ ने अप्रैल महीने की एक घटना का जिक्र करते हुए दोनों के बीच बढ़ती दूरियों की बात कही। समर्थ ने बताया कि अप्रैल में हमें एक साथ बेंगलुरु जाना था, लेकिन ऐन वक्त पर ट्विशा ने जाने से इनकार कर दिया और कहा कि उसे अपने भाई के पास अजमेर जाना है। समर्थ ने बताया कि वह अकेले बेंगलुरु चला गया और ट्विशा अजमेर के लिए निकल गई, लेकिन बाद में उसे पता चला कि ट्विशा अजमेर में सिर्फ एक दिन रुकी और उसे बिना बताए दिल्ली चली गई। इस बात को लेकर जब समर्थ ने आपत्ति जताई, तो दोनों के बीच विवाद और ज्यादा बढ़ गया। ट्विशा की मौत वाली रात की कहानी बयां करते हुए समर्थ ने पुलिस को बताया कि उस दिन सब कुछ सामान्य था। उसने दावा किया कि रात को खाना खाने के बाद दोनों कुछ देर सोसाइटी के पार्क में टहले और फिर घर लौटकर टीवी देखने लगे। समर्थ ने दावा करते हुए कहा कि कुछ देर बाद वह सोने चला गया, जबकि ट्विशा नीचे जाकर अपने परिजनों से फोन पर बात करने लगी। देर रात मेरी मां गिरिबाला ने मुझे जगाया और कहा कि ट्विशा की मां का फोन आया था कि वह फोन नहीं उठा रही है। समर्थ के मुताबिक जब दोनों ने घर में ट्विशा को ढूंढना शुरू किया, तो वह छत पर फंदे से लटकी मिली। समर्थ का दावा है कि उसने और उसकी मां ने मिलकर ट्विशा को फंदे से नीचे उतारा, सीपीआर दिया और तुरंत भोपाल एम्स लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद फरार हुए समर्थ ने पुलिस को बताया कि वह एक हफ्ते से ज्यादा समय तक जबलपुर में छिपा रहा। पकड़े जाने के डर से उसने अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल पूरी तरह बंद कर दिया था ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। समर्थ के इस कबूलनामे के बाद अब भोपाल पुलिस और सीबीआई के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि फरारी के दौरान जबलपुर में समर्थ को किसने पनाह दी और उसकी मदद की? हालांकि, समर्थ ने अपने मददगारों के नाम उगलने से इनकार कर दिया है। बता दें इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सोमवार को सुनवाई की। कोर्ट ने कहा कि एक महिला की असामयिक मौत बेहद गंभीर विषय है और इसकी सच्चाई सामने आना जरूरी है। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि वह इस मामले में अफवाहों और अटकलों से बचना चाहता है। कोर्ट ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि बेटी को खोने का दर्द असहनीय होता है और कोर्ट परिवार की पीड़ा को समझती है। सुप्रीम कोर्ट ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अदालत ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में जांच एजेंसियों को अत्यंत जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ काम करना चाहिए। सिराज/ईएमएस 26मई26