26-May-2026
...


एक की जान बचाने की कोशिश में गई छह जिंदगियां - जहरीली गैस की चपेट में आने से हुआ हादसा भुवनेश्वर (ईएमएस)। ओडिशा के कालाहांडी जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ। घटना मदनपुर-रामपुर थाना क्षेत्र के गौड़ कार्लाखुंटा गांव में हुई। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, सभी मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। वे सेप्टिक टैंक के भीतर लगे सेंट्रिंग सामग्री को निकालने के लिए अंदर उतरे थे। इसी दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से एक के बाद एक मजदूर बेहोश होकर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब एक व्यक्ति टैंक के भीतर अचेत हुआ तो उसे बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी अंदर गए, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। देखते ही देखते छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। इसके बाद बचाव अभियान चलाकर सभी शवों को टैंक से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। अधिकारियों का मानना है कि टैंक के भीतर जमा जहरीली गैस ही हादसे का प्रमुख कारण हो सकती है। रामयश/ईएमएस 26 मई 2026