राज्य
26-May-2026


जयपुर (ईएमएस)। प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार ने सवाई माधोपुर जिले में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, बजट घोषणाओं, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं एवं वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला कलक्टर काना राम, उप वन संरक्षक मानस सिंह सहित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रभारी सचिव ने ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था एवं समर कंटीजेंसी प्लान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिक्षण अभियंता बी.एस. मीणा ने बताया कि जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में समर कंटीजेंसी के तहत स्वीकृत कार्य प्रगति पर हैं तथा हैंडपंप मरम्मत अभियान के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 930 से अधिक एवं शहरी क्षेत्रों में 100 से अधिक खराब हैंडपंपों को प्राथमिकता से दुरुस्त किया गया है।जल जीवन मिशन के तहत संचालित परियोजनाओं पर भी चर्चा कर प्रभारी सचिव ने कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने एवं पूर्ण हो चुकी सभी जल जीवन परियोजनाओं का 26 मई को ग्राम सभाओं के दौरान सत्यापन करवाने के निर्देश दिए।बजट घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर:- बैठक में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की बजट घोषणाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि जिन घोषणाओं पर कार्य प्रगति पर है, उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए तथा जिन प्रस्तावों पर कार्यवाही लंबित है, उनमें तेजी लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। अशोक शर्मा/ 4:40 बजे/ 26 मई 2026