राज्य
26-May-2026


जयपुर (ईएमएस)। बालोतरा जिले की ग्राम पंचायत चीबी में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं खुलकर बालोतरा प्रभारी सचिव हरजीलाल अटल के समक्ष रखीं। चौपाल में बिजली, पेयजल, सडक़, बटवारा, रास्ते खोलने, मोबाइल नेटवर्क तथा राजस्व संबंधी मामलों को लेकर ग्रामीणों ने प्रमुखता से परिवेदनाएं प्रस्तुत कीं। अटल ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राप्त परिवेदनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।ग्रामीणों द्वारा पेयजल संकट की समस्या उठाए जाने पर प्रभारी सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभावग्रस्त क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गांवों में निर्धारित अंतराल पर पेयजल वितरण हो तथा अवैध जल कनेक्शनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए, जिससे पात्र उपभोक्ताओं को पर्याप्त पानी मिल सके।मनरेगा के अंतर्गत स्वीकृत सडक़ों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण संपर्क मार्गों का सुदृढ़ होना आवश्यक है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए प्रभारी सचिव ने जर्जर विद्युत पोलों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पोल जनहानि का कारण बन सकते हैं, इसलिए विभाग प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करे। ग्राम पंचायत चेनपुरा एवं बलदेव नगर के बीच स्थित क्षतिग्रस्त पोलों का सर्वे करवाकर आवश्यकता अनुसार उन्हें बदलने के निर्देश भी दिए गए। अशोक शर्मा/ 4:40 बजे/ 26 मई 2026