क्षेत्रीय
26-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। कमर्शियल डिलीवरी ऐप के जरिये कीमती सामान भेजना अब सुरक्षित नहीं रह गया है। ग्राहकों को सुरक्षित और फास्ट डिलीवरी का भरोसा देने वाली इन कंपनियों के दावे जमीनी स्तर पर पूरी तरह हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। ताजा मामला उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके का है, जहां ‘अंकल डिलीवरी’ ऐप के एक ड्राइवर ने न सिर्फ शराब पीकर ग्राहक को धमकाया और अतिरिक्त पैसों की उगाही की, बल्कि फरीदाबाद से दिल्ली लाया जा रहा करीब एक लाख रुपये का माल लेकर भी चंपत हो गया। पीड़ित ने डिलीवरी कंपनी पर घोर लापरवाही और धोखाधड़ी में मिलीभगत का आरोप लगाया है। घटना के करीब नौ महीने बाद, अदालत के हस्तक्षेप और आदेश पर सोनिया विहार थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सोनिया विहार चौथा पुश्ता निवासी शिव कुमार तिवारी ने 26 अगस्त 2025 को अंकल डिलीवरी ऐप के माध्यम से फरीदाबाद से दिल्ली माल लाने के लिए एक कमर्शियल वाहन बुक किया था। इस गाड़ी में करीब 92 हजार रुपये मूल्य की 10 पॉलीमर लाइनर शीट और दो लोहे की शीट लोड की गई थीं। दोपहर 3:25 बजे रवाना हुए वाहन को दो घंटे के भीतर गंतव्य तक पहुंचना था। जब तय समय पर डिलीवरी नहीं हुई, तो पीड़ित ने रात करीब 11 बजे ड्राइवर यूसुफ को फोन किया। ड्राइवर ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए सामान छोड़ने के बदले 2500 रुपये एक्सट्रा मांगे। पीड़ित ने डर के मारे तुरंत 500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी कर दिए। देर रात जब दोबारा संपर्क किया गया तो ड्राइवर पूरी तरह नशे में धुत था। ..../नई दिल्ली/ ईएमएस/26/मई /2026