राष्ट्रीय
26-May-2026
...


12वीं कक्षा के परिणाम भी संशोधित और नए अंकों के आधार पर अपडेट होंगे नई दिल्ली,(ईएमएस)। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने 12वीं कक्षा के नतीजों को लेकर छात्रों द्वारा उठाई गई शिकायतों पर बड़ा कदम उठाया है। बोर्ड ने फिजिक्स और केमिस्ट्री विषयों की आंसर शीट के मूल्यांकन में हुई गलतियों को आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया है। शिकायत दर्ज कराने वाले प्रभावित छात्रों को बोर्ड ने अब सही आंसर शीट भेज दी हैं। इसके साथ ही सीबीएसई ने ईमेल के जरिए छात्रों को भरोसा दिलाया है कि 12वीं कक्षा के उनके परीक्षा परिणाम भी संशोधित और नए अंकों के आधार पर अपडेट कर दिए जाएंगे। सीबीएसई ने शिकायत करने वाले छात्रों को एक ईमेल के ज़रिए बताया कि 12वीं क्लास के छात्रों के नतीजे भी नए अंकों के आधार पर अपडेट किए जाएंगे। एक छात्र ने जिसने पहले अपनी 12वीं क्लास की फ़िज़िक्स आंसर शीट में गलतियों का मुद्दा उठाया था। एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि हमें सीबीएसई से अपनी सही आंसर शीट मिल गई है। सीबीएसई के अधिकारियों ने शाम को हमसे संपर्क किया और आंसर शीट भेज दी। हमारे दावे सही निकले और सच में आंसर शीट बदल गई थी। एक और छात्रा जिसने अपनी 12वीं क्लास की केमिस्ट्री आंसर शीट में गड़बड़ी की शिकायत की थी, उसने एक्स पर पोस्ट किया की सीबीएसई ने हमारे ईमेल का जवाब दिया और पुष्टि की कि केमिस्ट्री आंसर शीट के बारे में हमारी चिंता सही थी। अब हम सीबीएसई की तरफ से अगले कदमों का इंतज़ार कर रहे हैं। केरल के सीएम वीडी सतीशन ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सीबीएसई 12वीं के नतीजों और 2025-26 के लिए पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर मिली व्यापक शिकायतों के बारे में एक ईमेल भेजा। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया कि उन्होंने पारदर्शिता, निष्पक्षता और छात्रों की शिकायतों के समय पर समाधान को सुनिश्चित करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध किया है। सीबीएसई 12वीं के अंकों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए विंडो 26 मई को खोल दी है। छात्र 29 मई तक आधिकारिक वेबसाइट पर अंकों के सत्यापन और वास्तविक पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। केवल वे उम्मीदवार जिन्होंने आंसर शीट की फ़ोटोकॉपी के लिए आवेदन किया है, वे ही पाई गई गलतियों के सत्यापन और/या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। आवेदक को संबंधित विषय की मार्किंग स्कीम देखनी होगी, जो प्रश्न पत्र के साथ वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। अगर एक भी नंबर कम होता है, तो उसे लागू किया जाएगा। री-इवैल्यूएशन का रिज़ल्ट फ़ाइनल होगा, और री-इवैल्यूएशन के ख़िलाफ़ कोई भी अपील या रिव्यू स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीबीएसई के मुताबिक बोर्ड द्वारा दिए गए नंबर फ़ाइनल होंगे और कैंडिडेट पर बाध्यकारी होंगे। सिराज/ईएमएस 26मई26