राष्ट्रीय
26-May-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो चार दिन का भारत दौरा पूरा कर आर्मेनिया रवाना हो गए। मंगलवार को क्वाड बैठक में हिस्सा लेने के बाद वह आर्मेनिया रवाना हुए। उनकी यात्रा से पहले अमेरिकी दूतावास ने बयान जारी कर बताया कि रूबियो 26 मई को कूटनीति और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा के लिए अलग-अलग बैठकें करेंगे। दौरे के दौरान रूबियो की मुलाकात आर्मेनियाई के विदेश मंत्री अरारात मीरजोयान से होगी। दोनों नेताओं के बीच बातचीत के बाद संयुक्त प्रेस बयान जारी किए जाने की भी उम्मीद है। दूतावास के मुताबिक कार्यक्रम में दोनों देशों के बीच कुछ द्विपक्षीय दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी शामिल हैं। बता दें रुबियों ने भारत की यात्रा 23 मई को कोलकाता से शुरू हुई थी। इसके बाद वो नई दिल्ली पहुंचे, यहां पर एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय बैठक की, पीएम मोदी से भी मुलाकात की, फिर पत्नी जेनेट डी. रूबियो के साथ ताजमहल का दीदार किया। रूबियो दंपति जयपुर भी गया, जहां पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया गया। आमेर के किले को भी वो देखने गए। मंगलवार सुबह ही दिल्ली क्वाड बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचे। उन्होंने इस बैठक को बहुउपयोगी और सफल बताया। बैठक में रूबियो ने कहा कि क्वाड अब सिर्फ समस्याओं पर चर्चा करने वाला मंच नहीं रह गया है, बल्कि यह साझेदारी अब ठोस कार्रवाई की दिशा की ओर अग्रसर है। उन्होंने मेजबानी के लिए भारत और विदेश मंत्री एस जयशंकर का धन्यवाद किया। साथ ही कहा कि भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया अब अपनी-अपनी क्षमताओं का इस्तेमाल करते हुए कई अहम वैश्विक मुद्दों पर मिलकर काम कर रहे हैं। सिराज/ईएमएस 26मई26