क्षेत्रीय
26-May-2026
...


विश्व हिंदू परिषद के प्रतिरोध पर रूका निर्माण कार्य बस्ती (ईएमएस)। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के शुक्ला देवरिया गांव में कथित रूप से अवैध चर्च निर्माण और धर्मांतरण गतिविधियों की सूचना पर गत सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। मामले की जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य पर सवाल उठाए। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष मनोज सिंह को ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि गांव में रातों-रात बिना वैध अभिलेखों के चर्च का निर्माण कराया जा रहा है। सूचना मिलने पर वह जिला मंत्री प्रवीण सिंह और जिला संयोजक अजय कनौजिया के साथ मौके पर पहुंचे, जहां निर्माण कार्य चलता मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य कराने वाले लोगों के पास जमीन और निर्माण से संबंधित कोई स्पष्ट दस्तावेज नहीं थे तथा क्षेत्रीय लोग भी उन्हें पहचान नहीं पा रहे थे। मामले की जानकारी तत्काल थाना अध्यक्ष परशुरामपुर को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया। हालांकि, विश्व हिंदू परिषद पदाधिकारियों का आरोप है कि निर्माण कार्य से जुड़े लोगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मनोज सिंह ने यह भी दावा किया कि जांच के दौरान कुछ लोगों के पुरवा गांव में कथित धर्मांतरण गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी मिली। आरोप है कि एक व्यक्ति को धर्मांतरण कराते हुए देखा गया, जो ग्रामीणों और संगठन के कार्यकर्ताओं को देखकर भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना को लेकर गांव में देर तक तनाव और आक्रोश का माहौल बना रहा। विश्व हिंदू परिषद ने चेतावनी दी कि यदि मामले में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन जन आंदोलन शुरू करेगा। बढ़ते विवाद को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी स्वर्णिम सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मामले में यह भी सामने आया कि जिस भूमि पर निर्माण कराया जा रहा था, वह कथित रूप से पट्टे की जमीन बताई जा रही है। ग्रामीणों के पट्टाधारक छबिलाल द्वारा जमीन किसी हरपाल नामक व्यक्ति को बेचे जाने की चर्चा है। फिलहाल प्रशासन जमीन के स्वामित्व, निर्माण की वैधता और कथित धर्मांतरण संबंधी आरोपों की जांच में जुटा है। वहीं, घटना के दौरान एसडीएम हरैया के मौके पर न पहुंचने को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। .../ 26 मई /2026