क्षेत्रीय
26-May-2026


धमतरी(ईएमएस)। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के मारौद गांव में एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में सनसनी फैल गई और तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान भैंसबोड़ निवासी पर्वत बाई साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार महिला पिछले चार दिनों से लापता थी और परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया था। इसी बीच मंगलवार को मारौद गांव के एक खेत में महिला का शव मिलने की सूचना सामने आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शव काफी हद तक सड़-गल चुका था, जिसके कारण शुरुआती जांच में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी में महिला के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति अभी साफ नहीं है। पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि महिला की अंतिम गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। कुरूद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा और चिंता का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 मई 2026