ग्वालियर ( ईएमएस ) झांसी रोड थाना क्षेत्र मे 11 साल की बच्ची से उसके ताऊ ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने मासूम को जबरन कमरे में खींचा और मुंह में रूमाल ठूंसकर हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। परिवार ने 12 दिन तक मामला दबाने की कोशिश की। पेट में दर्द होने पर सोमवार को मामला झांसी रोड थाने पहुंचा। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी ताऊ को गिरफ्तार कर लिया। शिकायत के अनुसार झांसी रोड इलाके में रहने वाले परिवार की 11 वर्षीय बेटी 6वीं की छात्रा है। छात्रा बचपन से अपने नाना-नानी के पास रहती है। 11 मई 2026 को वह छोटे भाई के जन्मदिन समारोह में शामिल होने माता-पिता के घर आई थी। जन्मदिन के बाद वह कुछ दिन वहीं रुक गई थी। वारदात 13 मई की रात करीब 8 बजे की है, जब इलाके की बिजली गुल हो गई थी। गर्मी के कारण परिवार के लोग घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान मां ने बेटी को अंदर सो रहे छोटे भाई को जगाकर लाने भेजा। बच्चा तो बाहर आ गया, लेकिन छात्रा नहीं लौटी। बिजली गुल हुई, गर्मी के कारण परिवार के लोग घर के बाहर बैठे थे। भाई को जगाकर लौट रही मासूम को उसके सगे ताऊ ने रास्ते में पकड़ लिया और जबरन कमरे में खींच ले गया। शोर रोकने के लिए आरोपी ने उसके मुंह में रूमाल ठूंस दिया और रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद आरोपी ने मासूम से दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। वारदात के बाद डरी-सहमी मासूम रोते हुए बाहर आई और मां को पूरी घटना बताई। बदनामी और ससुराल पक्ष के दबाव में 12 दिन तक मामला थाने नहीं पहुंचा। मासूम को नाना के घर वापस भेज दिया गया। सोमवार को पेट में दर्द होने पर परिजन ने उसे कई डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन आराम नहीं मिला। डॉक्टरों ने अंदरूनी चोट की आशंका जताई, तब मां बच्ची को लेकर झांसी रोड थाने पहुंची और जेठ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल करा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है |