क्षेत्रीय
26-May-2026


नारायणगंज (ईएमएस)। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड नारायणगंज जिला मंडला अंतर्गत नव अंकुर संस्था जनकल्याण सेवा समिति बीजे गांव सेक्टर मानेगांव द्वारा गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर जल संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेक्टर की सभी 10 समितियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में सेक्टर प्रभारी अमरनाथ मरकाम उपस्थित रहे। इस दौरान ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सचिव, अध्यक्ष, सरपंच, सचिव, समिति सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। सेक्टर प्रभारी अमरनाथ मरकाम ने गंगा दशहरा पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि महाराजा सगर के वंशज असमंजस के पुत्र एवं महाराजा दिलीप के पुत्र राजा भगीरथ ने वर्षों तक भगवान ब्रह्मा, मां गंगा एवं भगवान शिव की तपस्या कर गंगा जी को पृथ्वी लोक पर लाया था। इसी स्मृति में गंगा दशहरा पर्व मनाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। साथ ही जल की बचत, सुरक्षा एवं संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को नाला, कुआं, बावड़ी, झरना एवं तालाब जैसे पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण हेतु सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया गया, ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कुंडा, पाठा, खम्हरिया, सिकोसी, पड़रिया, कुमेश्वर घाट, पिंडरई माल, चमरवाह, सिंगोधा सहित अन्य समितियों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, सरपंच, सचिव, जनपद सदस्यों तथा ग्रामवासियों का सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में जल गंगा अभियान के तहत सभी को शपथ दिलाई गई एवं प्रसाद वितरण किया गया। ईएमएस/मोहने/ 26 मई 2026