क्षेत्रीय
26-May-2026
...


मंडला (ईएमएस)। जिले के बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जननी एक्सप्रेस की बदहाल स्थिति से गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कागजों पर बीजाडांडी ब्लॉक के लिए 3 गाडिय़ाँ आवंटित हैं, लेकिन हकीकत में लोकेशन पर मात्र एक ही गाड़ी उपलब्ध रहती है, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीज निजी वाहनों का सहारा लेने को मजबूर हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जननी एक्सप्रेस के चालक मंडला के निवासी हैं, जो अक्सर अपनी निर्धारित लोकेशन उदयपुर और बीजाडांडी पर मौजूद नहीं रहते। कॉल करने पर चालकों द्वारा बहानेबाजी की जाती है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि विभाग के डीएम और चालकों की मिलीभगत के कारण उन्हें मनमानी करने की खुली छूट मिली हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि 42 पंचायतों के लिए पहले ही 3 गाडिय़ाँ नाकाफी हैं, ऐसे में एक गाड़ी के भरोसे स्वास्थ्य सेवाएं भगवान भरोसे चल रही हैं। जब इस गंभीर मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया, तो वे यह कहते हुए पल्ला झाड़ते नजर आए कि जननी एक्सप्रेस का संचालन अलग विभाग के अंतर्गत आता है, इसलिए वे इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं कर सकते। हालांकि उन्होंने दावा किया कि उच्च अधिकारियों को इस अव्यवस्था की जानकारी दे दी गई है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्थानीय चालकों की नियुक्ति करने और तीनों जननी एक्सप्रेस गाडिय़ों की लोकेशन सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ, तो मजबूरन उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। ईएमएस/मोहने/ 26 मई 2026