- प्याज के समर्थन मूल्य के लिए नासिक जिले के चांदवड में महाविकास आघाड़ी का किसान क्रांति महामोर्चा, प्रति क्विंटल 3 हजार रुपये का समर्थन मूल्य देने की मांग नासिक, (ईएमएस)। प्याज को वर्तमान में प्रति क्विंटल मात्र 200-300 रुपये का बेहद कम भाव मिल रहा है और प्याज उत्पादक किसानों की आज की दयनीय स्थिति के लिए केंद्र की भाजपा सरकार और राज्य की देवेंद्र फडणवीस सरकार ही जिम्मेदार है, ऐसा जोरदार हमला बोलते हुए महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि किसानों को प्याज का उचित समर्थन मूल्य मिलने तक कांग्रेस पार्टी और महाविकास आघाड़ी शांत नहीं बैठेगी तथा सरकार को चैन से नहीं बैठने देगी। प्याज को प्रति क्विंटल 3 हजार रुपये का समर्थन मूल्य देने की मांग को लेकर नासिक जिले के चांदवड चौफुली में महाविकास आघाड़ी की ओर से किसान क्रांति महामोर्चा निकाला गया। इस दौरान रास्ता रोको आंदोलन भी किया गया। इस किसान महामोर्चे में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के विधायक अंबादास दानवे, विधायक रोहित पवार, सांसद शोभाताई बच्छाव, सांसद भगरे गुरुजी, नासिक ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष भारत टाकेकर, रमेश कहांडोले, नासिक शहर कांग्रेस अध्यक्ष बबलू खैरे सहित महाविकास आघाड़ी के अनेक नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। रास्ता रोको आंदोलन के दौरान पुलिस बल का उपयोग कर नेताओं को हिरासत में लिया गया, लेकिन किसानों के संघर्ष को दबाया नहीं जा सकता। “सरकार हमसे डरती है, पुलिस को आगे करती है” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस अवसर पर बोलते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने आगे कहा कि महंगाई ने किसानों के लिए जीना और खेती करना मुश्किल कर दिया है। कृषि उपज को उचित समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है। प्याज के दाम गिर जाने से किसान बेहद परेशान है, लेकिन सरकार अभी भी गहरी नींद में है। सरकार ने प्याज की सरकारी खरीद की घोषणा तो की, लेकिन अभी तक खरीद शुरू नहीं हुई है। प्याज की खरीद कृषि उपज मंडी समितियों के माध्यम से ही की जानी चाहिए। प्याज खरीद में व्यापारियों का नहीं बल्कि किसानों का भला होना चाहिए और किसानों को उचित भाव मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस झूठे व्यक्ति हैं, उन्होंने आज तक की गई घोषणाओं को कभी पूरा नहीं किया। जब किसान संकट में होता है तब भाजपा सरकार उसकी मदद नहीं करती। अब किसानों को परेशान करने वाली भाजपा सरकार को सत्ता से हटाए बिना कोई विकल्प नहीं बचा है। कांग्रेस पार्टी और पूरी महाविकास आघाड़ी किसानों के साथ खड़ी है और प्याज उत्पादक किसानों को उचित समर्थन मूल्य मिलने तक हम चुप नहीं बैठेंगे। इस दौरान शिवसेना नेता अंबादास दानवे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे और विधायक रोहित पवार ने भी किसानों का मार्गदर्शन करते हुए भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। संतोष झा- २६ मई/२०२६/ईएमएस