- चोरी का माल खरीदने वाला व्यापारी भी पुलिस की गिरफ्त में शाजापुर (ईएमएस)। शहर में निर्माणाधीन मकानों से बिजली के तार और फिटिंग का सामान चोरी होने की घटनाओं पर लगाम कसते हुए कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है जो सुने और बन रहे मकानों को अपना निशाना बनाता था। खास बात यह है कि पुलिस ने केवल चोर को ही नहीं पकड़ा, बल्कि कसेरा बाजार का वह व्यापारी भी हत्थे चढ़ गया है, जो चंद रुपयों के लालच में चोरी का यह माल खरीदता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत और एएसपी घनश्याम मालवीय के निर्देशन में कोतवाली थाना में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इसी टीम के प्रधान आरक्षक प्रमोद नागर और आरक्षक संजय पटेल को 24 मई को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक चोरी के बिजली फिटिंग के तार बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर नई सड़क निवासी 20 वर्षीय मेहेद पिता महमूद खान को हिरासत में ले लिया। थाने लाकर जब आरोपी मेहेद से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने निर्माणाधीन मकानों में चोरी की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि 13 मई को उसने आदर्श नवीन नगर निवासी सिद्धांत सोनी के बन रहे मकान से बिजली के तार और एल्युमिनियम की रिप चुराई थी। जब पुलिस ने चोरी के माल के बारे में पूछा, तो आरोपी ने बताया कि उसने सारा सामान कसेरा बाजार स्थित बर्तन व्यापारी दीपक पिता दिलीप कसेरा को बेच दिया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मंगलवार को बर्तन व्यापारी दीपक कसेरा की दुकान पर दबिश दी। पुलिस ने वहां से चोरी किए गए तार और एल्युमिनियम रिप बरामद कर लिए, जिसकी कुल कीमत लगभग 8,500 रुपये बताई जा रही है। चोरी का माल खरीदने पर पुलिस ने व्यापारी दीपक को भी सह-आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी मेहेद खान और दीपक कसेरा के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। ईएमएस / 26/05/2026