मंगलवार देर शाम की घटना, आईजी-एसपी सहित अधिकारी पहुंचे अस्पताल बालाघाट (ईएमएस)। जिले में लालबर्रा थाना क्षेत्र में रेत माफिया की दबंगई का एक और गंभीर मामला सामने आया है। मंगलवार की देर शाम एक ट्रैक्टर चालक ने पुलिस आरक्षक पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आरक्षक राजेश्वर राहंगडाले को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए गोंदिया रेफर कर दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लालबर्रा थाना में पलाकामथी में रेत का अवैध खनन और परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर आरक्षक सुनील और राजेश्वर राहंगडाले मौके पर पहुंचे। जहां उनके द्वारा घटना स्थल का वीडियो बनाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने वाहन को आरक्षक राजेश्वर राहंगडाले के उपर चढ़ा दिया, जिसके कारण वह गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल आरक्षक को तत्काल ही जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत को देखते हुए प्रारंभिक उपचार के बाद उसे गोंदिया रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार देर रात आईजी ललित शाक्यवार, एसपी आदित्य मिश्रा सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल की स्थिति का जायजा लिया। आईजी ने बताया कि घटना के बाद वाहन चालक को अभिरक्षा में ले लिया गया है। घायल आरक्षक को बेहतर उपचार के लिए गोंदिया रेफर कर दिया गया है। ईएमएस/26/05/2026