खेल
26-May-2026
...


बेंगलुरु (ईएमएस)। क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने धमाकेदार बल्लेबाज़ी करते हुए गुजरात टाइटन्स के सामने 255 रन का विशाल लक्ष्य रख दिया है। धर्मशाला में खेले जा रहे मुकाबले में बेंगलुरु ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 254 रन बनाए। अब गुजरात को जीत के लिए 120 गेंदों में 255 रन चाहिए, यानी प्रति ओवर 12.75 रन की दर से रन बनाने होंगे। बेंगलुरु की ओर से कप्तान रजत पाटीदार ने तूफानी बल्लेबाज़ी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 5 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। पाटीदार ने मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाकर गुजरात के गेंदबाज़ों की जमकर धुनाई की। विराट कोहली ने भी शानदार शुरुआत दिलाई और 25 गेंदों में 43 रन बनाए। वहीं क्रुणाल पंड्या ने 28 गेंदों पर 43 रन की तेज पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल ने 30 रन और जितेश शर्मा ने अंत में 5 गेंदों पर 15 रन बनाकर स्कोर को 250 के पार पहुंचाया। गुजरात की गेंदबाज़ी पूरी तरह बेअसर नजर आई। कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर को दो-दो विकेट जरूर मिले, लेकिन दोनों ने जमकर रन लुटाए। राशिद खान सबसे किफायती गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 3 ओवर में 29 रन दिए। सुबोध/२६ -०५-२०२६