मनोरंजन
27-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक कुमार सानू एक बार फिर खास म्यूजिकल तोहफा लेकर आ रहे हैं। अपनी मखमली आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले कुमार सानू अब लंदन के मशहूर रॉयल अल्बर्ट हॉल में लाइव सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा कॉन्सर्ट करने जा रहे हैं। उनकी बेटी शैनन के. भी इस कार्यक्रम में उनके साथ स्टेज साझा करेंगी। इसे पुराने व नए दौर के संगीत का शानदार संगम माना जा रहा है। इस कॉन्सर्ट में बॉलीवुड के सदाबहार गीतों को लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ नए अंदाज में पेश किया जाएगा। कार्यक्रम में हिंदी और अंग्रेजी दोनों तरह के गानों का मेल देखने को मिलेगा, जिससे अलग-अलग पीढ़ियों और संस्कृतियों के संगीत प्रेमी एक साथ जुड़ सकेंगे। आयोजकों के मुताबिक यह शो 90 के दशक के फैंस और नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच एक खास पुल का काम करेगा। कुमार सानू ने इस कार्यक्रम को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि फैंस लगातार उनकी बेटी शैनन के. के बारे में पूछते थे और उनके अंग्रेजी गानों को पसंद करते थे। इसी वजह से उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर शैनन को इस म्यूजिकल टूर का हिस्सा बनाने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में शैनन को केवल दो कॉन्सर्ट में शामिल किया गया था, लेकिन दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया के बाद उन्हें पूरे टूर का हिस्सा बना लिया गया। उन्होंने कहा कि कनाडा, ब्रिटेन और अमेरिका में दर्शकों ने शैनन को बेहद प्यार दिया। इससे यह महसूस हुआ कि विदेशों में रहने वाले लोग हिंदी और अंग्रेजी दोनों तरह के संगीत से गहरा जुड़ाव रखते हैं। कुमार सानू के मुताबिक, शैनन के जुड़ने से उनके 90 के दशक वाले शो में नई ऊर्जा और ताजगी आई है। इस टूर में साधना सरगम भी शामिल हैं। कुमार सानू ने कहा कि साधना सरगम के साथ मंच साझा करना हमेशा खास अनुभव होता है और उनकी आवाज पुराने गानों में नया जादू भर देती है। उन्होंने अपनी बेटी की तारीफ करते हुए कहा कि शैनन पुराने गानों को आधुनिक पॉप स्टाइल में पेश करने की खास कला रखती हैं और एक कलाकार के तौर पर वह दूसरों का सम्मान करना भी जानती हैं। वहीं शैनन के. ने कहा कि अपने पिता और साधना सरगम जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ मंच साझा करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की वजह से नई पीढ़ी फिर से 90 के दशक के बॉलीवुड गानों को सुन रही है और उन्हें पसंद कर रही है। सुदामा/ईएमएस 27 मई 2026