क्षेत्रीय
27-May-2026
...


- नशे में मिले कई चालक - बिना नंबर प्लेट वाली गाडिय़ों पर भी सख्ती कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिले में सडक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा-सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत कटघोरा पुलिस ने सख्त कार्यवाही करते हुए नगर के मुख्य चौराहे शहीद वीर नारायण चौक पर बृहद वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्यवाही की गई, जिससे शहर में हडक़ंप की स्थिति बन गई। उक्त अभियान जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में चलाया गया। थाना प्रभारी कटघोरा निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम और यातायात विभाग ने संयुक्त रूप से चौक पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस ने बिना नम्बर प्लेट के वाहन, नशे में वाहन चलाने वाले चालकों, तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड सायलेंसर लगी बाइकों, तथा शहर के भीतर नो-एंट्री का उल्लंघन कर प्रवेश कर रहे भारी वाहनों की जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मौके पर चालानी कार्यवाही की गई। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि सडक़ दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी और यातायात नियमों की अनदेखी को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे में वाहन चलाना, बिना नम्बर प्लेट वाहन चलाना और मॉडिफाइड सायलेंसर का उपयोग न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शहर के भीतर निर्धारित समय में भारी वाहनों की नो-एंट्री व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती बरती जाएगी। - 27 मई