रायपुर (ईएमएस)। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद कर उनकी जान बचाने वाले 5 गुड सेमेरिटन को पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान समाज के युवाओं से सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए आगे आने की अपील भी की गई। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए पहला एक घंटा “गोल्डन आवर” होता है। इस दौरान समय पर अस्पताल पहुंचाने से अधिकांश मामलों में जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से कानूनी झंझट के डर को छोड़कर मानवता के नाते घायलों की सहायता करने का आह्वान किया। उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले व्यक्तियों को “गुड सेमेरिटन” की संज्ञा दी गई है तथा उन्हें प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में रायपुर पुलिस द्वारा यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 की रात विधानसभा रोड स्थित व्हीआईपी टर्निंग पर स्कूटी चालक महिला अनियंत्रित होकर गिर गई थी। गगनदीप सिंह ने महिला को संभाला, पानी पिलाया और परिजनों को बुलाकर सुरक्षित सुपुर्द किया। राजेश कुमार चौधरी, कबीर नगर निवासी ने 24 मई 2026 को सड़क दुर्घटना में घायल बाइक चालक को डायल 112 की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। हेमचंद यादव, आजाद चौक निवासी ने ओला शोरूम आजाद चौक के पास सड़क दुर्घटना में घायल बाइक चालक और सवार को तुरंत पुलिस सहायता से अस्पताल पहुंचाया। करणदीप सिंह, देवेन्द्र नगर निवासी ने सिविल लाइन राजभवन के पास ऑटो डिवाइडर से टकराने पर गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। इसी प्रकार गोपेन्द्र धनगर, टिकरापारा निवासी ने नूतन स्कूल के पास सड़क दुर्घटना में घायल कार चालक और अन्य व्यक्ति को डायल 112 की सहायता से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस कमिश्नर ने सभी सम्मानित गुड सेमेरिटन से भविष्य में भी इसी प्रकार मानवता की मिसाल पेश करने और अन्य लोगों को भी प्रेरित करने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इन नेक कार्यों का प्रचार-प्रसार शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मरीन ड्राइव जैसे स्थानों पर होर्डिंग लगाकर किया जाए। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/27 मई 2026