राज्यपाल की गैरमौजूदगी में विशेष सचिव को सौंपा इस्तीफा बेंगलुरु (ईएमएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, इसके बाद डीके शिवकुमार राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनाने वाले है। उन्होंने लोकभवन में राज्यपाल के विशेष सचिव प्रभु शंकर को अपना त्यागपत्र सौंपा। सिद्धारमैया ने यह कदम कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर उठाया है, जिसके बाद डीके को उनका उत्तराधिकारी घोषित किया है। हालांकि, राज्यपाल थावरचंद गहलोत अपने गृह नगर नागदा गए हुए हैं, और उनके वापस आने के बाद ही इस्तीफे को औपचारिक रूप से स्वीकार होगा। प्रभु शंकर ने पुष्टि की है कि उन्हें इस्तीफा प्राप्त हुआ है, लेकिन अंतिम स्वीकृति राज्यपाल ही देने वाले है। इस्तीफा सौंपने के बाद सिद्धारमैया ने अपने इस कदम की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि उन्होंने आलाकमान के निर्देशों का पालन किया है और कांग्रेस आलाकमान ने इस्तीफा देने के लिए कहा था। सिद्धारमैया ने कहा, मैंने हाईकमान से कहा था कि गुरुवार को इस्तीफा दूंगा। आज मैंने अपना इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने जोर दिया कि संविधान के प्रावधानों के अनुसार, राज्यपाल को उनके वापस आने पर इस्तीफा स्वीकार करना होगा। इस मौके पर सिद्धारमैया ने कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी निष्ठा जताकर कहा, संविधान ही मेरे लिए धर्म है। उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने के बाद से मिले व्यापक सहयोग और प्यार के लिए सभी का धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री के इस्तीफे से पहले, उन्होंने अपने सरकारी आवास पर कैबिनेट सहयोगियों के लिए जलपान का आयोजन किया था, जहां उन्होंने उन्हें पद छोड़ने के अपने निर्णय से अवगत कराया। लोकभवन के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि राज्यपाल की अनुपस्थिति में उनके विशेष सचिव को इस्तीफा सौंपना पूरी तरह से वैध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्यपाल के लौटने पर वे इसकी पुष्टि करने और संभवतः सिद्धारमैया को व्यक्तिगत रूप से आकर इस्तीफा सौंपने के लिए भी कह सकते हैं, हालांकि यह अंतिम स्वीकृति को नहीं बदलेगा। यह घटनाक्रम कर्नाटक में एक बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत देता है, जहां अब नई सरकार डीके शिवकुमार के नेतृत्व में कार्यभार संभालेगी। आशीष दुबे / 28 मई 2026