क्षेत्रीय
28-May-2026
...


- पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जिलेभर में चलाया गया जागरूकता अभियान फतेहपुर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटीरोमियो टीम द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को सुरक्षा संबंधी जानकारियां देकर जागरूक किया गया। अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण इलाकों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस टीमों ने ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं के त्वरित और विधिसम्मत समाधान को लेकर जानकारी दी। कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक बनाना रहा। दिनांक 28 मई 2026 को मिशन शक्ति एवं एंटीरोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं, छात्राओं और आमजन को मिशन शक्ति 5.0 अभियान के द्वितीय चरण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की रोकथाम, आत्मरक्षा के उपाय, कानूनी अधिकारों और सुरक्षा संबंधी उपायों पर विशेष चर्चा की गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं साइबर अपराध से संबंधित पोर्टल के बारे में जानकारी देकर इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में बिना संकोच तत्काल पुलिस सहायता लेने की अपील की। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाया जा रहा यह अभियान महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़े और वे अपने अधिकारों के प्रति अधिक सजग बन सकें। शीबू खान/ ईएमएस 28 मई, 2026