क्षेत्रीय
28-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। आदिम जाति कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि वोरा ने बुधवार को कोटा विकासखंड के बैगा बहुल ग्राम शिवतराई और नेवसा पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। अचानकमार क्षेत्र के दूरस्थ बैगापारा तक पहुंचे प्रमुख सचिव ने पीएम जनमन, धरती आबा अभियान, जनजातीय गौरव उत्सव, पीवीटीजी डिजिटल सर्वे और सुशासन तिहार के क्रियान्वयन की मैदानी समीक्षा की। दौरे के दौरान जहां कई योजनाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई, वहीं आदिवासी बालक आश्रम की बदहाल व्यवस्था ने अफसरों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। प्रमुख सचिव सीधे बैगा परिवारों के बीच पहुंचे और ग्रामीणों से आमने-सामने चर्चा कर योजनाओं का फीडबैक लिया। शिवतराई में उन्होंने स्वयं सर्वे सेतु ऐप के जरिए तिहारू बैगा के परिवार का डिजिटल सर्वे किया। परिवार की आजीविका, आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं और सरकारी योजनाओं की पहुंच को लेकर विस्तार से जानकारी ली गई। सडक़ की गुणवत्ता पर शक, मौके पर कराई ड्रिलिंग नेवसा गांव में पीएम जनमन योजना के तहत बनी सडक़ की गुणवत्ता जांचने के लिए प्रमुख सचिव ने तकनीकी टीम के साथ सडक़ की ड्रिलिंग करवाई। सडक़ की मोटाई और निर्माण सामग्री के नमूने लिए गए। शिवतराई-अचानकमार मुख्य मार्ग से करीब साढ़े तीन किलोमीटर दूर बैगा पारा तक बनाई गई सडक़ को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में अब उन्हें पहले जैसी परेशानी नहीं होगी और आवागमन आसान हुआ है। मोबाइल मेडिकल यूनिट पहुंची गांव, ग्रामीणों से पूछा फायदा मिल रहा या नहीं दौरे के दौरान मोबाइल मेडिकल यूनिट भी गांव पहुंची। प्रमुख सचिव ने बैगा समुदाय के लोगों से स्वास्थ्य वाहन की उपयोगिता के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने इसे लाभकारी बताया। इसके बाद मेडिकल यूनिट को नियमित रूप से गांवों में भ्रमण करने के निर्देश दिए गए। उपचार कराने पहुंचे मरीजों से भी स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। आश्रम की हालत देख भडक़े प्रमुख सचिव नेवसा स्थित आदिवासी बालक आश्रम के औचक निरीक्षण में परिसर, शौचालय और रखरखाव की स्थिति बेहद खराब मिली। गंदगी और अव्यवस्था देखकर प्रमुख सचिव सोनमणि वोरा ने नाराजगी जताई। उन्होंने सहायक आयुक्त को हॉस्टल वार्डन रवि पाठक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि नया शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले सभी आश्रम और छात्रावासों में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और मरम्मत कार्य पूरे किए जाएं। जनपद पंचायत में समीक्षा बैठक, 30 मई तक सर्वे पूरा करने का दबाव कोटा जनपद पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ने पीवीटीजी डिजिटल सर्वे की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि करीब 90 प्रतिशत सर्वे पूरा हो चुका है और बाकी कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस पर प्रमुख सचिव ने 30 मई तक शत-प्रतिशत सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास को लेकर गंभीर हैं और पीएम जनमन, धरती आबा जैसी योजनाओं के जरिए पीवीटीजी परिवारों को मुख्यधारा से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोई भी पात्र परिवार योजनाओं के लाभ से छूटना नहीं चाहिए। साथ ही पीवीटीजी परिवारों के लिए कौशल विकास और स्वरोजगार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। बैठक में सहायक आयुक्त संजय चंदेल, एसडीएम प्रवेश पैकरा, जनपद सीईओ युवराज सिन्हा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मनोज राज 28 मई 2026