क्षेत्रीय
28-May-2026
...


- भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा का 18वाँ राष्ट्रीय अधिवेशन ऐतिहासिक रूप से सम्पन्न राजनांदगांव (ईएमएस) । भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा का 18वाँ राष्ट्रीय एकदिवसीय अधिवेशन दिनांक 24 मई 2026 को लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की पावन नगरी इंदौर स्थित अहिल्या परिसर गार्डन, हवा बंगला, द्वारकापुरी” में अत्यंत गरिमामय, ऐतिहासिक एवं भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। देशभर से आए समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, मातृशक्ति एवं युवा साथियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने अधिवेशन को सामाजिक चेतना और संगठनात्मक शक्ति का विराट स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ माता कर्मा देवी की पूजा-अर्चना एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ। अधिवेशन का विशेष आकर्षण राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष श्रीमती रेखा दिनेश साहू राजनांदगांव छत्तीसगढ़ द्वारा प्रस्तुत नारी शक्ति के सात आयाम विषयक प्रेरणादायी प्रस्तुति रही जिसने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि नारी के भीतर जो शक्ति है, वह असीम और अनंत है लेकिन जब वही शक्ति सात आयामों में प्रकट होती है तब वह परिवर्तन का महायज्ञ बन जाती है। कार्यक्रम में नारी सशक्तिकरण पर आधारित नाटिका की भव्य प्रस्तुति ने समाज में महिलाओं की भूमिका, संघर्ष, सम्मान एवं जागरूकता का सशक्त संदेश दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। अधिवेशन में राष्ट्रीय अध्यक्ष उमेश नंदलाल साहू नागपुर, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष श्रीमती रेखा दिनेश साहू राजनांदगांव, युवा अध्यक्ष एस.पी. गुप्ता मुंबई, संगठन महामंत्री सुनील साहू अमरावती सहित अनेक राष्ट्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्रभात साहू बिलासपुर, रमेश साहू जी महासमुंद, बुद्धिसागर साहू रायपुर, सुरेश साहू जी खरसिया, सुमन सुरेंद्र साहू एवं रचना राजेश दत्त साहू बिलासपुर, लता अजय साहू बलौदा बाज़ार,भारती साहू डोंगरगांव, दीपक साहू महासमुंद सहित विभिन्न राज्यों से आए समाजसेवी एवं पदाधिकारी शामिल रहे। अधिवेशन में सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती, शिक्षा, युवा उत्थान, महिला सशक्तिकरण एवं समाज के सर्वांगीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वक्ताओं ने समाज को संगठित होकर नई दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। पूरा अहिल्या परिसर समाज की एकता, अनुशासन और जागरूकता के नारों से गूंज उठा। यह राष्ट्रीय अधिवेशन सामाजिक समरसता, जागृति और संगठनात्मक शक्ति का प्रेरणादायी प्रतीक बनकर उभरा। कार्यक्रम की सफल आयोजना हेतु समस्त आयोजक मंडल, पदाधिकारियों, मातृशक्ति, युवा साथियों एवं सहभागी जनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं।