- शौर्य किड्स प्ले स्कूल में स्वागत समारोह आयोजित, फूल-मालाओं से किया गया सम्मान फतेहपुर (ईएमएस)। बिंदकी कस्बे के शौर्य किड्स प्ले स्कूल की प्रबंधक स्वर्णिमा सिंह सुंदर को अंतरराष्ट्रीय व्यापार स्टार्टअप एवं उद्यमी संघ का प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया है। इस उपलब्धि पर बुधवार को शौर्य किड्स प्ले स्कूल परिसर में स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सहित सैकड़ों लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। जानकारी के अनुसार महरहा रोड स्थित जगदीश धाम परिसर में संचालित शौर्य किड्स प्ले स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राधा साहू ने स्वर्णिमा सिंह सुंदर को सम्मानित करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी फूल-मालाओं से स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वर्णिमा सिंह सुंदर ने कहा कि संगठन द्वारा उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का भरसक प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि उद्यमिता, व्यापार और स्टार्टअप से जुड़े लोगों को आगे बढ़ाने तथा संगठन के उद्देश्यों को मजबूती देने के लिए वह सक्रिय रूप से कार्य करेंगी। स्वर्णिमा सिंह सुंदर ने बताया कि दो दिन पूर्व दिल्ली स्थित आईआईटी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें अंतरराष्ट्रीय व्यापार स्टार्टअप एवं उद्यमी संघ का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया। इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल देखा गया और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के राजस्व निरीक्षक रविंद्र सोनकर, भारती भूषण सिंह, सभासद सत्यम अग्रवाल, कवि एवं साहित्यकार गौरव सिंह बोध, सात्विक शुक्ला, आराधना सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शीबू खान/ ईएमएस 28 मई, 2026