- ईदगाह मैदान में उमड़ी हजारों की भीड़, अमन-चैन और भाईचारे की मांगी गई दुआ फतेहपुर (ईएमएस)। कस्बा बिंदकी में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। खजुहा रोड स्थित ईदगाह मैदान में सुबह लगभग आठ बजे ईद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई, जिसमें हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। नमाज के दौरान मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी गई। ईदगाह मैदान में शहर काजी मोहम्मद राजा कादरी ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी और प्रेम, सद्भाव तथा भाईचारे का संदेश दिया। पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर लोगों ने बताया कि ईद-उल-अजहा का त्योहार पैगंबर हजरत इब्राहीम द्वारा अल्लाह की राह में दिए गए महान बलिदान और अटूट विश्वास की याद में मनाया जाता है। यह पर्व त्याग, समर्पण और इंसानियत का संदेश देता है तथा लोगों को आपसी प्रेम और जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा देता है। त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। ईदगाह मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा तथा प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे, जिससे नमाज शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकी। इस दौरान मुईद अंसारी, जफर राईन, नगर पालिका परिषद बिंदकी के अध्यक्ष पति राम कुमार साहू, सपा नेता आज़म खान, सुरेंद्र सिंह परिहार, संदीप गुप्ता, वेदु गुप्ता, इरफान, पप्पू अहमद, अनीश डायमंड सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। वहीं नगर पालिका परिषद बिंदकी द्वारा ईदगाह मैदान में ठंडे मीठे शरबत की व्यवस्था भी की गई, जिसका लोगों ने लाभ उठाया। शीबू खान/ ईएमएस 28 मई, 2026