- देशभर के 13 चुनिंदा पत्रकारों को भोपाल में मिलेगा ‘हिंदी पत्रकारिता शिरोमणि सम्मान 2026’ देवास (ईएमएस)। हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को दिए जाने वाले प्रतिष्ठित ‘हिंदी पत्रकारिता शिरोमणि सम्मान 2026’ के लिए देशभर से 13 पत्रकारों का चयन किया गया है। इस गौरवपूर्ण सूची में देवास जिले के तीन पत्रकारों का नाम शामिल होने से जिले में हर्ष का माहौल है। देवास जिले के बागली से प्रवीण चौधरी तथा सोनकच्छ क्षेत्र के पीपलरावा से सलीम पठान को हिंदी पत्रकारिता शिरोमणि सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। वहीं आजीवन अधिमान्य पत्रकार मुन्ना वारसी को पत्रकारिता क्षेत्र में लंबे समय से दिए गए योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट द्वारा भोपाल में आयोजित समारोह में दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय संस्थापक अध्यक्ष डॉ. सैयद खालिद कैस की अध्यक्षता में गठित चयन समिति ने देशभर से उत्कृष्ट पत्रकारिता करने वाले 13 पत्रकारों का चयन किया है। चयनित पत्रकारों को जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने, निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया जा रहा है। सम्मानित होने वाले पत्रकारों में उमा शंकर पांडेय (चिरमिरी, छत्तीसगढ़), सुनील वर्मा (अकोदिया), चैतन्य कुमार मीणा (सीकर, राजस्थान), फैज मोहम्मद (कोरबा, छत्तीसगढ़), पंडित दुष्यंत पंचोली (राजगढ़), मुईन अख्तर खान (हरदा), अरुण कंठालिया (चित्तौड़गढ़), नईम मामू एवं मोहन प्रजापति (बैतूल), प्रवीण चौधरी (देवास), सलीम पठान (देवास), सईद आलम (इंदौर) तथा कृष्णानंद शास्त्री (भोपाल) के नाम शामिल हैं। उक्त सम्मान समारोह आगामी 30 मई को हिंदी भवन, भोपाल में आयोजित किया जाएगा, जहां देशभर से चयनित पत्रकारों का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा जाएगा। इस उपलब्धि पर सलीम मंसूरी, नूर मोहम्मद शेख, रविंद्र परमार, मोतीलाल गोयल, इकबाल शेख एवं आर्य भूषण शर्मा सहित अनेक पत्रकारों और शुभचिंतकों ने सम्मानित होने वाले पत्रकारों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। ईएमएस/मोहने/ 28 मई 2026