रायपुर (ईएमएस)। रायपुर रेल मंडल और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए IRCTC और रेलवे के लोगो का दुरुपयोग कर निर्धारित क्षमता से कम साइज़ के चाय के पेपर कप बनाने वाली फर्म के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में कम क्षमता वाले कप जब्त किए गए। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी को रायपुर रेलवे स्टेशन के स्टॉलों पर उपयोग हो रहे चाय कप की क्षमता पर संदेह हुआ। जांच में पाया गया कि 170/150 एमएल क्षमता वाले बताए जा रहे कप वास्तविक मानक से छोटे थे। पूछताछ में पता चला कि कपों की आपूर्ति नर्मदापारा स्थित रवि ट्रेडिंग द्वारा की जा रही थी। आगे की जांच में सामने आया कि ये कप गुढ़ियारी स्थित आदित्य पेपर फर्म से खरीदे गए थे। एसडीएम रायपुर नंद कुमार चौबे, नापतोल विभाग के निरीक्षक जीवंत सिंह कंवर, रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम ने आदित्य पेपर फर्म में जांच की। कार्रवाई के दौरान कम क्षमता वाले कपों के 14 बोरे बरामद किए गए। नापतोल विभाग ने 20 कपों की माप क्षमता जांच के लिए ली तथा सभी 14 बोरों को सील कर जब्त कर लिया। जांच में यह भी पाया गया कि कपों पर IRCTC का लोगो बिना अनुमति के उपयोग किया जा रहा था। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक टी. नाग, अभिजीत डे, धनंजय तथा चीफ पब्लिसिटी इंस्पेक्टर शिवप्रसाद भी शामिल रहे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी ने कहा कि यात्रियों को परोसे जाने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों में गुणवत्ता और मात्रा के निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जी ब्रांडिंग या लोगो के दुरुपयोग को गंभीरता से लिया जाएगा। सत्यप्रकाश /चंद्राकर/29 मई 2026