राज्य
29-May-2026


इंजन खराब होने की चेतावनी के बावजूद जारी रहा संचालन जबलपुर (ईएमएस)। बरगी क्रूज हादसे से जुड़ा गोपनीय पत्र अब न्यायिक जांच का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बन गया है। पत्र में क्रूज के दोनों इंजनों में गंभीर तकनीकी खराबी की जानकारी दी गई थी। अब यही दस्तावेज जांच आयोग तक पहुंच चुका है और पूरे मामले में अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने का आधार बन रहा है। रिटायर्ड जस्टिस संजय द्विवेदी की अध्यक्षता में चल रही जांच में यह सवाल प्रमुखता से उठ रहा है कि तकनीकी खामी की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं की गई। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार पत्र में स्पष्ट उल्लेख था कि क्रूज का एक इंजन पूरी तरह खराब हो चुका था, जबकि दूसरा इंजन भी लगातार स्टार्ट होने में दिक्कत दे रहा था। यह जानकारी मध्यप्रदेश टूरिज्म विभाग के क्षेत्रीय अधिकारियों तक पहुंचाई गई थी। इसके बावजूद क्रूज का संचालन बंद नहीं किया गया और पर्यटकों को लेकर उसे लगातार पानी में उतारा जाता रहा। अब आयोग तकनीकी रिपोर्ट, पत्राचार और संचालन से जुड़े रिकॉर्ड के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है। जांच आयोग ने तलब किए अधिकारी ……… जांच आयोग ने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा, मैकल वोट क्लब के मैनेजर और एमपी टूरिज्म के टेक्निकल एक्सपर्ट को बयान के लिए तलब किया है। बुधवार को टेक्निकल एक्सपर्ट ने आयोग के समक्ष अपना पक्ष रखा। रिटायर्ड जस्टिस संजय द्विवेदी ने माना कि पत्र की जानकारी मिलने के बाद भी कार्रवाई नहीं होना जांच का गंभीर विषय है। आयोग अब यह भी परख रहा है कि सुरक्षा निगरानी और संचालन व्यवस्था में ऐसी कौन-सी खामियां थीं, जिनकी वजह से चेतावनी के बावजूद क्रूज का संचालन जारी रखा गया। सुनील साहू / शहबाज/ 29 मई 2026/ 07.00