पटना, (ईएमएस)। पटना के भगवानगंज थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, कल नियमित वाहन जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तीनों युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि हथियार का उपयोग फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के लिए किया जाता था। हालांकि पुलिस का मानना है कि इस हथियार का इस्तेमाल लूट जैसी आपराधिक घटनाओं में भी किया जा सकता था। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अभियुक्त किसी बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। संतोष झा- २९ मई/२०२६/ईएमएस