क्षेत्रीय
29-May-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) | अमृत योजनातंर्गत सीवर सफाई कार्य में पर्याप्त श्रमिक एवं कर्मचारी न रखने पर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय द्वारा मैसर्स जंयती सुपर कंस्ट्रक्शन प्रा.लि. एवं मैसर्स एनविराड प्रो. प्रा.लि को पृथक-पृथक 77 लाख 90 हजार 400 रूपये की पेनल्टी लगाने हेतु अंतिम चेतावनी पत्र जारी किया है कि यदि 31 मई 2026 तक कंपनियों द्वारा अनुबंध अनुसार कर्मचारियों की पूर्ति नहीं की गई तो उक्त राशि कंपनियों के देयक से काटी जाएगी। नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय द्वारा जारी अंतिम चेतावनी पत्र में बताया गया कि मैसर्स जंयती सुपर कंस्ट्रक्शन प्रा.लि. एवं मैसर्स एनविराड प्रो. प्रा.लि को अनुबंध अनुसार प्रोजेक्ट मैनेजर, मैकेनिकल इंजीनियर, कैमिस्ट, इलेक्ट्रीशियन, कुशल श्रमिक, अकुशल श्रमिक एवं सफाई श्रमिक नियुक्त करने थे। जिसकी जानकारी नगर निगम ग्वालियर द्वारा कंपनियों से कई बार मांगी गई, लेकिन कंपनियों द्वारा उक्त जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। जबकि सीवर का कार्य अति महत्वपूर्ण सेवा में आता है लेकिन दोनों कंपनियों द्वारा अनुबंध के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं किया गया। ऐसी स्थिति मेें अनुबंध अनुसार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के 12 माह के वेतन की गणना कर दोनों कंपनियों पर पृथक-पृथक 77 लाख 90 हजार 400 रूपये के कटोत्रे की कार्यवाही की जाने हेतु अंतिम समय सीमा 31 मई 2026 प्रदान की है। 31 मई 2026 तक जानकारी प्राप्त न होने पर उक्त राशि कंपनी के देयक में से काटी जाएगी।