सिवान, (ईएमएस)। बिहार के सिवान जिले के जामोबाजार थाना क्षेत्र में हुए खूनी संघर्ष मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमोद दूबे और प्रमोद दूबे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 25 मई को ग्राम जामो जलालपुर में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। मामले में वादी के आवेदन के आधार पर जामोबाजार थाना में कांड दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है। संतोष झा- २९ मई/२०२६/ईएमएस