क्षेत्रीय
29-May-2026


पटना, (ईएमएस)। पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र में हुए लूट मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त सीएनजी ऑटो भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, 28 मई को एक पीड़ित व्यक्ति ने आलमगंज थाना में आवेदन देकर बताया कि 23 मई को हाजीपुर जाने के दौरान अगमकुंआ पुल के पास वह एक सीएनजी ऑटो पर सवार हुआ था, जिसमें पहले से एक व्यक्ति बैठा हुआ था। कुछ दूरी तय करने के बाद ऑटो में मौजूद अभियुक्तों ने चाकू का भय दिखाकर उससे दो मोबाइल फोन और ₹500 नकद लूट लिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने डराकर यूपीआई के माध्यम से 2000 रुपया भी ट्रांसफर करा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी साझा की। संतोष झा- २९ मई/२०२६/ईएमएस