सिवान, (ईएमएस)। सिवान में बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान महाराजगंज थाना कांड संख्या 464/25 में वांछित टॉप-10 अपराधी अमित पटेल उर्फ अमित कुमार प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, 29 मई को एसटीएफ और सिवान जिला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को दबोचा। गिरफ्तार अपराधी पर हत्या, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 09 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अमित पटेल लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है तथा उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश भी जारी है। इस कार्रवाई को सिवान पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे जिले में अपराध नियंत्रण अभियान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। संतोष झा- २९ मई/२०२६/ईएमएस