नई दिल्ली (ईएमएस)। बाहरी रिंग रोड हो या नजफगढ़ मेन रोड या फिर उपनगरी द्वारका की चौड़ी सड़कों पर कई जगह राहगीरों के लिए पैर कहां रखें, इसके लिए जमीन तलाशना मुश्किल होता है। मजबूरी में राहगीर तेज वाहनों के बीच जान जोखिम में डालकर चलने को मजबूर हैं। ऐसा भी नहीं है कि यह स्थिति नई है। जनकपुरी से केशोपुर व पीरागढ़ी की ओर जाते समय फ्लाईओवर के नीचे पुरानी कार विक्रेताओं ने मुख्य मार्ग समेत पूरे फुटपाथ व सर्विस लेन पर कब्जा कर रखा है। उन्होंने सर्विस लेन पर दोनों तरफ गाड़ियां खड़ी कर फुटपाथ पर भी गाड़ियां खड़ी कर रखी हैं। यहां पर कई विक्रेता व उनके कर्मचारी कुर्सी डालकर बैठे रहते हैं।यहां पर सड़क भी टूटी होने की वजह से अमूमन रोज यातायात जाम लगता है। इंटरनेट मीडिया पर भी इसकी कई बार वीडियो प्रसारित हो चुकी है। बावजूद इसके इन गाड़ियों को हटाया नहीं जाता। केशोपुर से जनकपुरी की ओर जाते समय विकासपुरी फ्लाईओवर के नीचे भी इसी तरह पुरानी गाड़ियों के विक्रेता सड़क पर गाड़ियां खड़ी रखते हैं। यहां पर गाड़ियों की मरम्मत का काम भी सड़क पर किया जाता है। ऐसे में रोज दर्जनों गाड़ियां यहां पर खड़ी रहती हैं। सेंट्रल वर्ज व फुटपाथ के पास गाड़ियां खड़ी होने की वजह से रोज यातायात जाम लगता है।लोगों को पैदल चलने में भी मुश्किल होती है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/30/ मई/2026