क्षेत्रीय
30-May-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। शहर के दो बहुप्रतीक्षित और करोड़ों रुपये की लागत वाले कयाघाट ब्रिज तथा मरीन ड्राइव प्रोजेक्ट अब शासन की सीधी निगरानी में आ गए हैं। निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने स्वयं निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों, इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य प्रगति और निर्धारित समय-सीमा के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों की गति और गुणवत्ता को लेकर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि जनता के पैसे से बनने वाले प्रोजेक्ट्स में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साइट विजिट के दौरान कयाघाट ब्रिज और मरीन ड्राइव के कुछ हिस्सों में कार्य की धीमी प्रगति पर सवाल उठाए गए। सचिव ने मौके पर मौजूद इंजीनियरों से तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा संरचना की मजबूती की भी जांच की। उन्होंने कहा कि अब केवल फाइलों और कागजों में प्रगति दिखाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि परियोजनाओं का वास्तविक परिणाम धरातल पर नजर आना चाहिए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और तय समय-सीमा दोनों का पालन सुनिश्चित करना एजेंसियों की जिम्मेदारी है। पीडब्ल्यूडी सचिव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या कार्य में अनावश्यक देरी पाई गई तो संबंधित निर्माण एजेंसियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शासन की प्राथमिकता है कि दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाएं निर्धारित समय में पूर्ण होकर आम जनता को समर्पित की जाएं। रायगढ़ शहर के यातायात और सौंदर्यीकरण की दृष्टि से कयाघाट ब्रिज और मरीन ड्राइव को महत्वपूर्ण परियोजनाएं माना जा रहा है। ऐसे में शासन की इस सख्ती को प्रोजेक्ट्स की गति बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। - (ईएमएस)30 मई 2026