- पति और जीजा संग मिलकर उड़ाए 12 लाख के गहने दुर्ग(ईएमएस)। जिले में घरेलू चोरी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली कोई बाहरी शातिर चोर नहीं, बल्कि घर में काम करने आई नौकरानी निकली। उसने अपने पति और जीजा के साथ मिलकर करीब 12 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया था। मामला नेवई थाना क्षेत्र के आशीष नगर रिसाली का है। पुलिस के मुताबिक, निवासी दुर्गा प्रसाद नागपुरे ने घर में अधिक काम होने के कारण मालती ध्रुव नामक महिला को दो दिनों के लिए घरेलू काम पर रखा था। काम खत्म होने के कुछ दिनों बाद जब उन्होंने घर की अलमारी की जांच की तो सोने-चांदी के कीमती गहने गायब मिले। पीड़ित ने 27 मई को नेवई थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि अलमारी में रखे 14.5 ग्राम वजनी सोने के हार, मांगटीका, नथ, हाथ के कड़े, मंगलसूत्र और कान के तीन जोड़ी टॉप्स समेत अन्य जेवरात चोरी हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर घरेलू कामगार मालती ध्रुव, उसके पति देवीलाल ध्रुव और जीजा हेमलाल मंडावी को पूछताछ के लिए बुलाया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पूछताछ में मालती ध्रुव ने बताया कि उसने 19 मई को घर की अलमारी से गहने चोरी किए थे। बाद में पति और जीजा की मदद से कुछ गहनों को गिरवी रखकर ऋण भी लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से गिरवी रखने से संबंधित दस्तावेज, मोबाइल फोन, एक लाख रुपये नकद, एक स्कूटी तथा अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कुल 12 लाख 22 हजार रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)30 मई 2026