क्षेत्रीय
30-May-2026
...


- ऑटो पर दीवार गिरने से ऑटो चालक की मौत - शहर में कई जगह लगा लंबा जाम, सड़कें बनीं तालाब बेंगलुरु (ईएमएस)। प्री-मानसून बारिश ने कनार्टक में भारी तबाही मचाई है। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश एक ऑटो चालक के लिए काल बन गई। पश्चिम बेंगलुरु के हम्पीनगर इलाके में स्थित एक निजी क्लब की ऊंची कंपाउंड वॉल (चारदीवारी) अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से ऑटो चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गंगोंडनहल्ली के रहने वाले शिवबोरैया विजयनगर क्लब के पास सड़क किनारे अपना ऑटो खड़ा करके उसमें बैठे थे। इसी दौरान शाम करीब 7:40 बजे तेज बारिश के बीच क्लब की सात से आठ फीट ऊंची दीवार अचानक उनके ऑटो पर ढह गई। भारी मलबे के नीचे ऑटो के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने और उसमें फंसने के कारण शिवबोरैया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत पुलिस, फायर ब्रिगेड व अन्य आपातकालीन सेवाओं को इसकी सूचना दी। राहत और बचाव दल ने फौरी तौर पर मौके पर पहुंचकर मलबे को हटाने का काम शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और चालक की जान जा चुकी थी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को इस हादसे की जानकारी दे दी है और उनके परिवार की आधिकारिक शिकायत के आधार पर आगे का मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि आखिर दीवार के गिरने की मुख्य वजह क्या थी और क्या इसमें कोई लापरवाही थी। गौरतलब है कि पिछले महज एक महीने के भीतर बेंगलुरु शहर में दीवार गिरने की यह दूसरी बड़ी और गंभीर घटना है। इस तेज बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए। कुमार कृपा रोड, क्वीन्स रोड, विट्टल माल्या रोड, कैंटनमेंट रेलवे अंडरपास, केआर मार्केट और मैसूर रोड के कई हिस्सों में भारी जलभराव के कारण वाहनों के पहिये थम गए और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कई जगहों पर बड़े-बड़े पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों को युद्धस्तर पर जलनिकासी और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के काम में तैनात किया गया। - ईएमएस 30 मई 2026