- घरेलू हिंसा और बच्चे को देशविरोधी नारे सिखाने की शिकायत रायगढ़(ईएमएस)। जिले के जोगीडीपा क्षेत्र से एक विवाहिता द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति पर धार्मिक दबाव बनाने, घरेलू प्रताड़ना करने और बच्चे की परवरिश को लेकर आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगाते हुए महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता सरिता गबेल उर्फ सोफिया रंगरेज (35), जो मूल रूप से कोरबा जिले की निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात करीब छह वर्ष पहले जोगीडीपा निवासी वसीम मोहम्मद (43) से हुई थी। महिला का आरोप है कि वसीम ने स्वयं को तलाकशुदा बताकर संबंध स्थापित किए और वर्ष 2021 में दोनों का विवाह मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ। महिला के अनुसार, शादी के शुरुआती वर्षों में सब कुछ सामान्य रहा और उनके दो बच्चे भी हुए। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि पति की पहली पत्नी और पांच बच्चे पहले से हैं। इसके बाद पारिवारिक विवाद शुरू हो गए। महिला का आरोप है कि उस पर नमाज पढ़ने, रोजा रखने और अन्य धार्मिक परंपराओं का पालन करने के लिए दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। महिला ने पुलिस को कुछ वीडियो भी सौंपने का दावा किया है। उनका आरोप है कि वीडियो में पति उनके पांच वर्षीय बेटे से पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगवाते और भारत तथा सुरक्षा बलों के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहलवाते दिखाई दे रहे हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है। इसी बीच, वसीम मोहम्मद और उसके साढ़ू इरशाद खान को हाल ही में एक अलग मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, गांजा तस्करी से जुड़े मामले में दोनों को जेल भेजा गया है। महिला का कहना है कि कुछ समय पहले उसे बच्चों सहित घर से निकाल दिया गया था, जिसके बाद वह कोरबा चली गई थी। पति के जेल जाने की जानकारी मिलने के बाद उसने हिम्मत जुटाकर रायगढ़ पहुंचकर महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आवेदन प्राप्त हो गया है और महिला के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)30 मई 2026