पूर्णिया, (ईएमएस)। बिहार एसटीएफ और पूर्णिया जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 44 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बिहार एसटीएफ एवं पूर्णिया जिला पुलिस ने के-नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों, संतोष साह और पिंटू कुमार, को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 44 किलोग्राम अवैध गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में के-नगर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। - ३० मई/२०२६/ईएमएस