30-May-2026
...


भिंड ( ईएमएस ) अटेर क्षेत्र के सुरपुरा थाना अंतर्गत सोई गांव में एक 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक खेत पर गया था, जहां वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर जलने के निशान और गर्दन में गहरा घाव होने के कारण परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सोई गांव निवासी संतोष पुत्र सिद्धूलाल कुशवाह (40) शुक्रवार रात अपने खेत पर गया था। रात करीब 8 बजे परिजनों को सूचना मिली कि वह नरसिंह राजावत के खेत के पास घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिवारजन उसे तत्काल जिला अस्पताल भिंड लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। एंबुलेंस से ग्वालियर ले जाते समय गोले का मंदिर क्षेत्र के पास संतोष ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पीएम के बाद परिजनों को सौंप मर्ग कायम कर लिया है |