क्षेत्रीय
30-May-2026
...


धमतरी (ईएमएस)। जनगणना-2027 को लेकर धमतरी जिले में प्रारंभिक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। नगर निगम क्षेत्र में भवनों की नंबरिंग और मकानों के सूचीकरण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। अब प्रगणकों को अपने-अपने क्षेत्रों के नजरी नक्शे निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम प्रशासन के अनुसार 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण का विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के सभी 40 वार्डों में घर-घर जाकर जानकारी एकत्र की गई। कार्य की अंतिम तिथि 30 मई निर्धारित होने के कारण प्रगणक सुबह से ही अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहे। जिन मकानों में पहले ताला लगा हुआ मिला था, वहां भी पहुंचकर सूचीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। जनगणना-2027 के तहत धमतरी शहर को 179 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) में विभाजित किया गया था। इस कार्य के लिए कुल 155 प्रगणकों और 26 सुपरवाइजरों की नियुक्ति की गई थी। प्रत्येक प्रगणक को निर्धारित गणना ब्लॉक के अंतर्गत मकानों का सर्वेक्षण एवं सूचीकरण का दायित्व सौंपा गया था। नगर निगम आयुक्त एवं जनगणना कार्य की नोडल अधिकारी प्रिया गोयल के मार्गदर्शन में पूरे अभियान की लगातार निगरानी की गई। सूचीकरण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित समीक्षा भी की जाती रही। बड़ी संख्या में प्रगणक नगर निगम कार्यालय पहुंचे और निर्धारित प्रारूप में दो-दो प्रतियों में अपने नजरी नक्शे जमा किए। प्रशासन ने सभी प्रगणकों को 30 मई तक नक्शे जमा करने के निर्देश दिए थे, ताकि आगामी चरण की तैयारियों को समय पर पूरा किया जा सके। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की गई। कार्य में शिथिलता बरतने वाले 24 अधिकारी-कर्मचारियों को नगर निगम आयुक्त द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। साथ ही संबंधित विभाग प्रमुखों को आवश्यक कार्रवाई और निलंबन की अनुशंसा भी भेजी गई थी। हालांकि, नोटिस जारी होने के दौरान कुछ अधिकारी और कर्मचारियों का अन्य स्थानों पर तबादला हो चुका था। वहीं कुछ कर्मचारियों को भविष्य में लापरवाही नहीं बरतने की सख्त चेतावनी दी गई। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित जनगणना के लिए आधारभूत जानकारी तैयार करने का यह महत्वपूर्ण चरण था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। अब आगामी प्रक्रिया के लिए संकलित आंकड़ों और नक्शों का परीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि समय पर और सटीक सूचीकरण से जनगणना-2027 का कार्य अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सकेगा, जिससे भविष्य की विकास योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो पाएंगे। - (ईएमएस) 30 मई 2026