ग्वालियर (ईएमएस)। बेलगढ़ा थाना क्षेत्र स्थित लकेश्वरी माता मंदिर में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने और भजन-कीर्तन करने गए एक किसान की सांप के काटने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बेलगढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम चितौली निवासी 50 वर्षीय किसान मदनलाल रावत पिता रामचरण रावत पिछले एक सप्ताह से बेलगढ़ा क्षेत्र स्थित लकेश्वरी माता मंदिर में आयोजित भागवत कथा में नियमित रूप से शामिल हो रहे थे। वे कथा सुनने के साथ-साथ भजन-कीर्तन में भी सक्रिय रूप से भाग लेते थे। शुक्रवार शाम मंदिर परिसर में भागवत कथा के दौरान मदनलाल रावत भजन गा रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें एक जहरीले सांप ने काट लिया। शुरुआत में लोगों को घटना का अंदाजा नहीं लगा, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं और परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान देर रात को उनकी मौत हो गई | पुलिस में मर्ग कायम कर लिया है |