-स्थानीय प्रशासन के जल निकासी प्रबंधों की खुल गई पोल, लोगों ने जताई नाराजगी गुरदासपुर,(ईएमएस)। शहर में शनिवार को करीब एक घंटे तक तेज बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। हालांकि, बारिश के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों की कई गलियां और सड़कें पानी से भर गया। बारिश से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट आई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। सुबह तड़के अचानक मौसम ने करवट ली और काले बादलों के छाने के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। लगातार एक घंटे तक हुई बारिश के चलते बाजारों, मोहल्लों और निचले इलाकों में पानी जमा हो गया। कई गलियों में जलभराव होने से लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश से जहां किसानों और आम लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली, वहीं नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन के जल निकासी प्रबंधों की पोल भी खुलती नजर आई। कई स्थानों पर नालियां जाम होने से पानी सड़कों पर जमा हो गया, जिससे गंदगी और मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि हर बार बारिश में ऐसी स्थिति बन जाती है, लेकिन जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गलियों और नालियों की नियमित सफाई करवाई जाए और निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। सिराज/ईएमएस 30मई26